Bhartiya Parmapara

अनोखी सजा – बच्चों को जिम्मेदारी सिखाने वाली प्रेरणादायक कहानी | Motivational Story

Motivational Story | प्रेरणादायक कहानी

अनोखी सजा – एक प्रेरणादायक कहानी

मध्याह्न भोजन के बाद स्कूल का मैदान बच्चों की किलकारियों से भर जाता था। कोई खो-खो खेलता, कोई कबड्डी और कोई दौड़ता।

शरारती राहुल के लिए खेल का मतलब कुछ और ही था। कभी किसी बच्चे को धक्का देना, कभी किसी को गिरा देना और कभी पेड़-पौधों की डालियाँ तोड़ देना। शिक्षक समझाते और डाँटते, मगर राहुल अपनी हरकतों से बाज नहीं आता था। धीरे-धीरे दूसरे बच्चे भी उसकी देखा-देखी पेड़-पौधों को नुकसान पहुँचाने लगे।

एक दिन बच्चों ने खेल-खेल में स्कूल के एक छोटे पेड़ की कई डालियाँ तोड़ दीं। पेड़ एक ओर झुक गया और उसकी हरी पत्तियाँ जमीन पर बिखर गईं।

मैम ने बच्चों को बहुत समझाया, लेकिन वे हँसते रहे। आखिर परेशान होकर मैम शर्मा सर के पास पहुँचीं।

“सर, आप ही कुछ कीजिए। ये बच्चे तो हमारी बात मानते ही नहीं।”

शर्मा सर ने सभी बच्चों को कक्षा में बुलाया। हाथ में मोटा डंडा देखकर बच्चों की हँसी गायब हो गई।

सर ने सबको गंभीर नजरों से देखा और डंडा मेज पर रख दिया।

“आज से तुम्हें एक नई सजा मिलेगी।”

बच्चे एक-दूसरे का चेहरा देखने लगे।

“क्या हो सकती है?”

“मुर्गा बनाएँगे?”

“शायद मैदान में खड़ा करेंगे!”

कक्षा में फुसफुसाहट होने लगी।

शर्मा सर मुस्कुराए।

“सजा ऐसी होगी कि तुम्हारी गलती भी सुधरेगी और तुम्हारे हाथों से दुनिया भी थोड़ी खूबसूरत हो जाएगी।”

बच्चे हैरान होकर उन्हें देखने लगे।

“जो बच्चा गलती करेगा, उसे एक पौधा लगाना होगा। सिर्फ लगाना नहीं... जब तक वह बड़ा नहीं हो जाता, उसकी देखभाल भी उसी की जिम्मेदारी होगी; ध्यान रहे कि पौधा बिल्कुल न मुरझाने पाए! मैं प्रतिदिन निरीक्षण करूँगा।”

एक नई जिम्मेदारी की शुरुआत

अगले दिन राहुल सबसे पहले एक नन्हा पौधा लेकर स्कूल पहुँचा।

उसने मिट्टी खोदी, पौधा लगाया और उसके चारों ओर छोटी-सी बाड़ बना दी।

अब छुट्टी होते ही राहुल सबसे पहले अपने पौधे के पास जाता। कभी पानी देता, कभी मिट्टी ठीक करता। धीरे-धीरे उसकी शरारत कम होने लगी।

एक दिन खेलते समय एक बच्चे की गेंद पौधे से जा टकराई। पौधा एक ओर झुक गया।

राहुल दौड़कर आया। उसने पौधे को सीधा किया, मिट्टी दबाई और उसकी पत्ती पर हाथ फेरते हुए धीरे से बोला- “कुछ नहीं हुआ... मैं हूँ न!”

पास खड़ी मैम यह देखकर मुस्कुरा दीं।

 



                    



 

सजा ने बदल दी बच्चों की सोच

कुछ महीनों में स्कूल का सूना मैदान छोटे-छोटे पौधों की हरियाली से भर गया।

मैम ने शर्मा सर की ओर देखकर कहा- “सर! आपने तो बच्चों की आदत ही बदल दी।”

शर्मा सर ने सामने लहलहाते पौधों को देखा और मुस्कुराकर बोले-

“बच्चों को बदलने के लिए डर नहीं, बस सही दिशा दिखाने की जरूरत होती है।”

मैम की नजर राहुल पर टिक गई।

वही राहुल, जो कभी पेड़ों की डालियाँ तोड़ता था, आज अपने पौधे की एक-एक पत्ती को बड़े प्यार से देख रहा था।

हवा चली।

नन्हे पौधे की पत्तियाँ हिलीं और राहुल के चेहरे को छू गईं।

राहुल मुस्कुराया।

शायद वह पौधा अब उसके लिए सिर्फ पौधा नहीं था...

उसकी अपनी छोटी-सी जिम्मेदारी, उसका अपना साथी बन चुका था।

कहानी से सीख (Moral of the Story)

बच्चों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए हमेशा कठोर दंड की आवश्यकता नहीं होती। प्रेम, समझदारी और जिम्मेदारी का एहसास उन्हें बेहतर इंसान बना सकता है। सही मार्गदर्शन से शरारत भी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी में बदल सकती है।

 



                    



 

Login to Leave Comment
Login
No Comments Found
;
MX Creativity
©2020, सभी अधिकार भारतीय परम्परा द्वारा आरक्षित हैं। MX Creativity के द्वारा संचालित है |