Bhartiya Parmapara

नारी का अंतर्मन और स्नेह की प्यास

तृष्णा 

आसमान में टकटकी लगाए, अश्रुपूरित नयनों से अतीत के उन सुनहरे पलों को समेटते हुए, मन न जाने कितने ही उतार-चढ़ाव पार कर चुका था।  यूं तो जीवन में किसी चीज़ की कोई कमी नहीं थी, किंतु शारीरिक और भौतिक आवश्यकताओं के अतिरिक्त, भावना प्रधान मन की कुछ मानसिक आवश्यकताएं भी होती हैं, जिनका पूरा होना भी मानव देह के लिए उतना ही आवश्यक है। प्रिया के मन का आंगन तपती धरती सा शुष्क था। वह सावन की फुहार से स्नेह की लालसा में अपने मन को भिगोना चाहती थी, पर चाहने से कब किसी की मुराद पूरी हुई है?  

युवावस्था में मन भविष्य के सुनहरे ताने-बाने बुनने में मशगूल था। पिता ने अच्छा घर-परिवार देखकर विवाह कर दिया, किंतु उसका भावुक मन संवेदनाओं के अभाव में हमेशा आहत रहता। स्वयं की उपेक्षा कर परिवार के प्रत्येक सदस्य और बच्चों की जरूरतों को प्राथमिकता देना उसकी आदत बन गई थी।

आज कार्य की व्यस्तता तो थी ही, साथ ही कोई स्वप्न मन को गुदगुदा रहा था। चंचल पवन सा मन न जाने क्या सोच रहा था कि सीढ़ियां उतरते समय पता ही नहीं चला और वह पांच-छह सीढ़ियों से धड़ाम से गिर पड़ी। कितनी ही देर तक कराहते हुए बैठी रही, फिर जैसे-तैसे हिम्मत कर उठी। कमर और हाथों में अंदरूनी चोट आई थी।

पीहर के आंगन में ज़रा-सी चोट लगने पर जो सारा घर सिर पर उठा लेती थी और पलभर भी अपनी मम्मी से दूर नहीं रह पाती थी, आज वही इतने गहरे दर्द को अपने भीतर समेटे, सारा काम तन्मयता से यंत्रवत कर रही थी। सबकी नज़रों में सामान्य बने रहने की कला में वह निपुण थी, किंतु मन के भावों की इस तरह उपेक्षा देख हृदय भीतर ही भीतर आंसुओं से तर-बतर हो गया।

दुनिया चाहे कितनी भी प्रगति कर ले, किंतु आज भी नारी संघर्षों से जूझ रही है। अपनी वेदनाओं पर हंसी का पर्दा डाले, वह अपने दायित्वों को निभाती रहती है, किंतु उसके मन की आवाज़ कब किसने सुनी?

विचारों के भवसागर से बाहर निकलना प्रिया के लिए आज दुष्कर था। आंखों की नमी को छुपाते हुए, वह सासू मां की चोटी बनाने लगी।

मन स्नेह की बूंदों को पाने की चाहत में छटपटा रहा था, किंतु यह चाहत तो तपते रेगिस्तान में बारिश की कल्पना जैसी थी।  

                                    

                                      

Login to Leave Comment
Login
No Comments Found
;
MX Creativity
©2020, सभी अधिकार भारतीय परम्परा द्वारा आरक्षित हैं। MX Creativity के द्वारा संचालित है |