Bhartiya Parmapara

भाई का अनमोल उपहार

एल्बम 


"ओह हो मम्मा! आप फिर से बैठ गई इन तस्वीरों को देखने। क्या यह तस्वीरें कुछ बदलकर आती है, जो आपकी नजरें इन पर अटक कर रह जाती है?“  
"तुम नहीं समझोगी बेटी! यह केवल तस्वीरें नहीं है, रिश्तों की मजबूत कड़ियॉं हैं, जिसे मैंने जिया है। हमें कहां तुम्हारी तरह रियल और कजिन का अर्थ समझ आता था! सब अपने ही लगते थे। तेरे तीनों नाना साथ ही रहते थे। मॅंझले काका की कोई संतान नहीं हुई थी पर उन्हें और काकी को कभी इस दर्द ने परेशान नहीं किया। हम पॉंचो भाई-बहन मंझली काकी के पास ही अधिक रहते थे। बड़ी मॉं तो रिश्तेदारी निभाने में और मॉं काम में व्यस्त रहती। हर फरमाइश मंझली काकी जिन्हें हम प्रेम से छोटी मॉं कहते थे वो ही पूरी करती थी। हर त्यौहार पर छोटी मॉं हम पॉंचो भाई-बहनों को सबसे पहले तैयार कर मंदिर ले जाया करती। सचमुच क्या दिन थे वो, किसी भी बात का कभी अभाव महसूस नहीं होता था।   
बड़ी मॉं के दोनों बेटे और हम तीनों बहनें पूरा समय साथ ही रहते। घर में कोई अनजान आ जाए तो वह समझ ही नहीं पाता कौन-सा बच्चा किसका है।"   
"आप तो बहुत लकी हो मम्मा!" कहते हुए इकलौती परी रुआंसी हो गई।   
"हां बेटी! यह जो सांसे चल रही है ना, यह भी तेरे मामा की सौगात ही है, शायद तुम भूल गई हो। मेरे विवाह को बमुश्किल दस साल हुए होंगे और किसी असाध्य बीमारी में मेरी दोनों किडनी खराब हो गई। तुम्हारे पापा ने जैसे ही यह बात तुम्हारे बड़े मामा को बतायी वह गांव से फौरन यहाँ मुझे मिलने आ गए और अपना पूरा चेकअप करवाया। उनकी किडनी मुझे मैच हो सकती है इस बात का पता चलते ही उन्होंने झट गॉंव फोन लगाकर बड़ी माँ को अपना निर्णय सुना दिया -  "मैं अपनी एक किडनी रैना को दे रहा हू्ं मॉं।"  विशेष बात यह कि भाभी और बड़ी माँ ने इसका तनिक विरोध भी नहीं किया। उस संकट की घड़ी में भैया ने मुस्कुराते हुए मेरे सर पर हाथ रखकर कहा, "एक किडनी से भी हमारी जिंदगी मजे से कट सकती है। छोटी तू चिंता न कर।" यह बताते हुए रैना का गला भर आया और शब्द गले में अटक गए। अपनी मम्मा के आंसू पोंछते हुए परी ने एल्बम से तस्वीर निकाली और निकल गई उसे बड़ी एनलार्ज कर फ्रेम करवाने। रैना के लिए तो यह तस्वीर न होकर उसकी दुनिया थी।



       

 

Login to Leave Comment
Login
No Comments Found
;
MX Creativity
©2020, सभी अधिकार भारतीय परम्परा द्वारा आरक्षित हैं। MX Creativity के द्वारा संचालित है |